शादी-ब्याह के सीजन से पहले इतनी हुई सोने की कीमत, जानिए 10 ग्राम खरीदने के कितने लगेंगे पैसे?

नई दिल्ली। शादी-ब्याह के सीजन से पहले सोने की कीमत आसमान पर पहुंचती दिख रही है। आज अगर सोने के भाव की बात करें, तो ये तमाम शहरों में 90000 रुपए प्रति 10 ग्राम से ज्यादा पर बिक रहा है। दिल्ली में 24 कैरेट सोने के प्रति 10 ग्राम की कीमत 92070 है। वहीं, मुंबई में खालिस सोने की कीमत 91920 रुपए प्रति 10 ग्राम है। चेन्नई और कोलकाता में भी 24 कैरेट सोने की कीमत मुंबई जितनी ही है। 22 कैरेट सोना दिल्ली में 84410 रुपए प्रति 10 ग्राम के भाव पर बिक रहा है। 22 कैरेट सोने की मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में कीमत 84260 रुपए प्रति 10 ग्राम है। आज अगर चांदी के भाव की बात करें, तो 1 किलोग्राम चांदी 103900 रुपए की है।

हाल के दिनों में निवेशकों का रुझान सोने की तरफ हुआ है। अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की आर्थिक नीतियां और रूस व यूक्रेन में जारी जंग के कारण भी सोने की कीमत में लगातार उछाल आ रहा है। चीन और भारत के अलावा तमाम देशों ने बीते दिनों में खूब सोना खरीदा है। साथ ही महंगाई और मंदी की आशंका भी निवेशकों को है। शेयर बाजारों में भी उठापटक का दौर लगातार जारी है। ऐसे में पीली धातु के भाव लगातार ऊपर उठ रहे हैं। सोने की कीमत में आज ही 900 रुपए प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी हुई है। बीते दिनों चांदी की कीमत भी बढ़ रही थी, लेकिन आज चांदी का भाव पिछले दिन के मुकाबले कमोबेश स्थिर है।

जानकारों का मानना है कि इस साल दिवाली तक 24 कैरेट सोने के भाव 1 लाख रुपए भी हो सकते हैं। शादियों के सीजन और त्योहारों पर सोने की कीमत आमतौर पर बढ़ती ही है। दिवाली पर भी लोग सोना खरीदते हैं। साथ ही दिवाली के बाद शादियों का लंबा सीजन चलता है। भारत में सोने पर सिर्फ 3 फीसदी जीएसटी है। सरकार ने सोने के आयात पर भी टैक्स कम किया है। इसके बावजूद सोने की कीमत लगातार ऊंचाई छूती जा रही है। 2 से 4 साल पहले जिन्होंने सोना खरीदा, उनको ये तगड़ा रिटर्न दे रहा है।

Related Articles

Back to top button